
देश में हाल के दिनों में कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां महिलाओं ने अपने कानूनी अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए पति या प्रेमी के खिलाफ झूठा केस दर्ज करवाया। पता लगाया जा रहा है कि क्या इंदौर में युवक की आत्महत्या के पीछे भी क्या ऐसा ही कोई कारण है।
इंदौर। इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में एक युवक ने आत्महत्या कर ली। उसने दो पन्नों के अपने सुसाइड नोट में लिखा कि भारत सरकार कानून बदले, क्योंकि महिलाएं कानून का दुरुपयोग करती हैं। अगर कानून नहीं बदले गए, तो रोज कई लड़के और उनके परिवार उजड़ते रहेंगे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पता लगाया जा रहा है कि युवक किस मामले में कानून बदलने की बात कर रहा था। अब तक की जानकारी के अनुसार, युवक की पहचान नितिन बाबूलाल पडियार के रूप में हुई है, जो न्यू गोविंद कॉलोनी का निवासी था। उसकी उम्र 27 साल बताई गई है।
सामने आया था अतुल सुभाष का केस
(पिछले दिनों बेंगलुरु के इंजीनियर अतुल सुभाष की आत्महत्या का मामला पूरे देश में चर्चा का विषय बना हुआ है। अतुल सुभाष का सुसाइड नोट सामने आने के बाद बेंगलुरु पुलिस ने उसकी पत्नी, सास और साले को गिरफ्तार किया था। अतुल सुभाष ने पत्नी के झूठे केस से परेशान होकर आत्महत्या की थी।)
