इंदौर में युवक ने इंस्टाग्राम पर नाम बदलकर दोस्ती की:मॉर्निंग वॉक के दौरान छेड़छाड़ कर साथ चलने का दबाव बनाया; केस दर्ज

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के सुदामा नगर इलाके में आठवीं कक्षा की छात्रा से एक युवक ने इंस्टाग्राम पर नाम बदलकर दोस्ती की। इसके बाद वह मॉर्निंग वॉक के दौरान अपने दोस्त के साथ छात्रा से मिलने पहुंचा। जब छात्रा ने उसे टोपी पहनते देखा और उसकी असली पहचान का पता चला, तो उसने सवाल किया। इस पर युवक ने धमकाना शुरू कर दिया। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और दोनों युवकों को घेर लिया।
घटना की जानकारी मिलने पर अन्नपूर्णा पुलिस ने आरोपी मगरुब और मेहताब के खिलाफ नाम बदलकर दोस्ती करने और छेड़छाड़ के आरोप में केस दर्ज किया।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती
छात्रा ने पुलिस को बताया कि वह अपनी मां के फोन पर इंस्टाग्राम चलाती थी। करीब 15 दिन पहले उसे ‘कृष्णा’ नाम की आईडी से रिक्वेस्ट आई, जिससे चैटिंग शुरू हुई। कुछ दिनों की बातचीत के बाद युवक ने मिलने की बात कही, लेकिन छात्रा ने मना कर दिया। बाद में युवक के दबाव डालने पर उसने बताया कि वह सुबह छह बजे अपनी सहेली के साथ मॉर्निंग वॉक पर जाती है। इसके बाद युवक ने लगातार यहां मिलने का उस पर दबाव डालना शुरू कर दिया और गर्लफ्रेंड बनने के लिए मजबूर करने लगा।
मॉर्निंग वॉक के दौरान की जबरदस्ती
सोमवार को जब छात्रा अपनी सहेली के साथ मॉर्निंग वॉक पर गई, तो श्रीराम स्वीट्स के पास युवक अपने दोस्त के साथ आ पहुंचा। उसने फोटो खिंचवाने की जिद की और अपनी जेब से काली टोपी निकालकर पहन ली। इससे छात्रा को उसकी असली पहचान का पता चला और उसने फोटो खिंचवाने से इनकार कर दिया। इस पर युवक ने जबरदस्ती उसका हाथ पकड़कर बाइक पर बैठाने की कोशिश की।
छात्रा के चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को पकड़ लिया। बाद में, पीड़िता ने घटना की जानकारी अपनी मां और बहनों को दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version