इंदौर में युवकों का शराब के नशे में हंगामा:रहवासियो ने पुलिस बुलाई

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

छुड़ाने थाने पहुंचीं लड़कियां, पुलिस से की हुज्जत
इंदौर में देर रात शराब के नशे में दो युवक युवतियों से मिलने पहुंचे। मोहल्ले वालों ने विरोध किया तो युवकों ने हंगामा किया। पुलिस दोनों को थाने लाई, जहां युवतियां भी पहुंचीं और पुलिस से बहस करने लगीं। हंगामे के बाद युवकों पर केस दर्ज किया गया है
संयोगितागंज थाना क्षेत्र के पारसी मोहल्ले में बुधवार देर रात दो युवक नशे की हालत में युवतियों से मिलने पहुंचे। मोहल्ले में तेज आवाज और शोरशराबे से नाराज़ रहवासियों ने इसका विरोध किया तो युवकों ने बहस शुरू कर दी और अपशब्द कहे। पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को थाने ले आई।
पुलिस के अनुसार, कृष्णा (निवासी छिंदवाड़ा) और कुलदीप (निवासी राजगढ़) दोनों छात्र हैं और हीरानगर में रहते हैं। ये रात 11 बजे पारसी मोहल्ले में युवतियों से मिलने पहुंचे थे। पुलिस के पहुंचने पर हेड कॉन्स्टेबल सचिन शर्मा ने युवकों को बाइक पर बैठाया, लेकिन इसी दौरान युवतियां भी पहुंच गईं और पुलिस से उलझ गईं।
थाने में युवतियों ने युवकों को अपना परिचित बताते हुए उन्हें छोड़ने की मांग की। उन्होंने ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बहस की और अभद्रता भी की। इसके बाद महिला पुलिस स्टाफ बुलाया गया, जिन्होंने युवतियों को फटकार लगाकर शांत किया।
परिवार वालों से बात करने के बाद युवतियों को जाने दिया गया, जबकि कृष्णा और कुलदीप पर रहवासियों की शिकायत के आधार पर मारपीट और हंगामा करने का केस दर्ज किया गया है।

Exit mobile version