इंदौर के चंदन नगर में पार्षद फातमा रफीक ख़ान द्वारा बिना निगम एमआईसी की अनुमति के गलियों के नाम बदलकर धर्म विशेष के नाम पर बोर्ड लगाने का मामला सामने आया है। ये बोर्ड सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। जिसके बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र आकाश विजयवर्गीय ने निगम को पत्र लिखकर तुरंत कार्रवाई की मांग की और उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
पार्षद के खिलाफ होगी कार्रवाई
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि एमआईसी की अनुमति के बिना पार्षद फातमा रफीक ख़ान के द्वारा लगाए गए बोर्ड असंवैधानिक हैं। उन्होंने पार्षद पर FIR करने के निर्देश दिए और सभी अवैध बोर्ड हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। महापौर ने कहा कि इस तरह की असंवैधानिक प्रक्रिया करने वाले पार्षद के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बता दें कि चंदन नगर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की विधानसभा में आता है।
आकाश विजयवर्गीय ने चेतावनी दी
मामला तब उजागर हुआ जब आकाश विजयवर्गीय ने निगम आयुक्त को पत्र लिखकर अवैध बोर्डों की जानकारी दी। पत्र में उन्होंने कहा कि चंदन नगर की कुछ गलियों के नाम बदलकर धर्म विशेष के नाम पर कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी परिवर्तित नाम के बोर्ड तुरंत हटाकर पुराने नाम वाले बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस बदलाव में जिन अधिकारियों की मिलीभगत है, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।
कर्मचारियों पर भी FIR की मांग
आकाश विजयवर्गीय ने पत्र में चेतावनी दी कि यह मामला गंभीर है और अगर कार्रवाई नहीं की गई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। जिसके बाद निगम का अमला चंदन नगर पहुंचा और अवैध रूप से लगवाए गए बोर्ड हटाने शुरू किए।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह काम केवल पार्षद अकेले नहीं कर सकते, इसलिए वार्ड से जुड़े सभी कर्मचारियों पर भी FIR और सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
*साइन बोर्ड मामले पर की प्रेस कॉन्फ्रेंस
पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने चंदन नगर साइन बोर्ड मामले को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्यवाही की मांग की। उन्होंने कहा कि यह आवश्यक है कि जिम्मेदार अधिकारियों को कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई भी इस तरह का दुस्साहस न कर सके।
विजयवर्गीय ने अधिकारियों की मिलीभगत के माध्यम से नाम परिवर्तन को एक गंभीर विषय बताया। उन्होंने अनवर कादरी को लेकर भी बड़ा खुलासा किया। उनके अनुसार, अनवर कादरी सदर बाजार के हिंदू परिवारों को पलायन के लिए मजबूर करता था।
विजयवर्गीय ने कहा कि लव जिहाद फंडिंग मामले में फरार अनवर कादरी को इंदौर पुलिस कतई बख्शने के मूड में नहीं है। उन्होंने विदेशी फंडिंग से जुड़े मामलों पर भी चिंता व्यक्त की। चेतावनी दी कि लव जिहाद के साथ अब लैंड जिहाद भी शुरू हो गया है और इसे गंभीरता से देखा जाना चाहिए।
पार्षद पति बोले- हमारा हस्तक्षेप नहीं
मामले के तूल पकड़ने के बाद पार्षद फातमा रफीक ख़ान के पति ने वीडियो बयान जारी कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने कहा कि चंदन नगर में जिस बोर्ड का विवाद हुआ है, उसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए, क्योंकि ये गलियां पहले से इसी नाम से जानी जाती थीं। उन्होंने कहा कि ये बोर्ड नगर निगम द्वारा लगाए गए हैं और इसमें पार्षद का कोई हस्तक्षेप नहीं है।
