इंदौर में बाइक सवार ने वकील से मोबाइल छीना:तुकोगंज में कैफे से चोरी, दो वारदातों में पुलिस ने की FIR, CCTV से 2 आरोपी पकड़ाए

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर के खजराना और तुकोगंज क्षेत्र में मोबाइल चोरी की दो अलग-अलग वारदातों को लेकर पुलिस ने एफआईआर दर्ज की।
खजराना पुलिस ने उत्कर्ष पुरोहित निवासी गोयल नगर की शिकायत पर लाल रंग की बाइक पर सवार एक आरोपी के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, उत्कर्ष अपने भाई वेदांत के घर से अपने घर लौट रहे थे और मोबाइल पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान सर्विस रोड, जेनित अस्पताल के पास बाइक सवार आरोपी ने उनका मोबाइल छीना और फरार हो गया। पुलिस ने इस मामले में संदिग्ध को पकड़ लिया है।
तुकोगंज में कैफे से चोरी
तुकोगंज पुलिस ने सिटी सेंटर स्थित टिंकुश कैफे, एमजी रोड में हुई मोबाइल चोरी के मामले में भी केस दर्ज किया है। हुसैन मटकावाला निवासी राज गोल्ड अपार्टमेंट सैफीनगर ने बताया कि वह कैफे में नाश्ता कर रहे थे और अपने मोबाइल को टेबल पर रखा था। इसी दौरान बदमाश ने उनका मोबाइल चुरा लिया। पुलिस दोनों ही मामलों की जांच कर रही है।
दो आरोपी नागदा के छात्र
इंदौर के सैफी नगर निवासी हुसैन मटका वाला और समीर मंसूरी ने पुलिस को शिकायत दी कि रेस्टोरेंट में भोजन करते समय उनके मोबाइल किसी अज्ञात चोर द्वारा चोरी कर लिए गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और साइबर टीम की मदद से आईएमईआई नंबर के माध्यम से चोरी किए गए मोबाइल का पता लगाया।
जांच में दो अज्ञात चोरों की पहचान हुई, जिनमें एक का नाम गोगी और दूसरे का नाम शेखर है। दोनों युवक नागदा के निवासी हैं और यहाँ पढ़ाई के लिए कोचिंग कर रहे हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि उन्होंने अपने शौक पूरे करने के लिए मोबाइल चोरी की घटना को अंजाम दिया।

Exit mobile version