इंदौर में पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: चिलम पीते हुए पांच युवक गिरफ्तार, 10 हजार का गांजा जब्त

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर पुलिस ने नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शुक्रवार रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में गांजा पीते हुए पांच युवकों को पकड़ा है। पुलिस ने इनके पास से अधजला गांजा, चिलम और नशे का सामान जब्त किया है। पुलिस आरोपियों से विस्तार से पूछताछ कर रही है।
मल्हारगंज पुलिस के अनुसार जिंसी हाट मेन रोड से अभिनव उर्फ अब्बू (23) पिता लोकेश राठौर निवासी पीलियाखाल बड़ा गणपति को गांजा पीते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने उसके पास से अधजली चिलम और कपड़ा जब्त किया।
इसी तरह एरोड्रम पुलिस ने परमहंस नगर 60 फीट रोड से आनंद माहेश्वरी निवासी छोटा बांगड़दा रोड को पकड़ा। उसके पास से भी अधजला गांजा भरी चिलम मिली। वहीं तरुणसिंह जायसवाल निवासी अशोक नगर को गांजा पीते हुए गिरफ्तार किया गया।
10 हजार का गांजा जब्त
राजेंद्र नगर पुलिस ने राहुल उर्फ टुंडा भार्गव निवासी राजरानी नगर को चोइथराम मंडी पार्किंग के पास से पकड़ा। उसके पास से प्लास्टिक की पन्नी में भरा 0.392 ग्राम गांजा जब्त किया है। जिसकी कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई जा रही है। वहीं एमआईजी थाना पुलिस ने भी अटल द्वार के पास से मनीष वर्षा निवासी पाटनीपुरा को गांजा पीते हुए पकड़ा।
नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान
शहर के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी है। पुलिस ने बताया कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version