इंदौर में दो युवकों ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:घटना के वक्त दोनों युवक घर पर अकेले थे,पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर शहर में सोमवार को दो अलग-अलग इलाकों में युवकों के आत्महत्या करने के मामले सामने आए। दोनों ही घटनाओं में युवक घर पर अकेले थे और किसी प्रकार का सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
पहली घटना परदेशीपुरा थाना क्षेत्र की है। नंदानगर निवासी सूरज (35) पुत्र प्रकाश जादव ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सोमवार रात करीब 9 बजे पिता जब ऑटो पार्ट्स की दुकान से घर लौटे, तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर सूरज फंदे पर लटका नजर आया। सूचना देकर पुलिस और सूरज के बड़े भाई दीपक को बुलाया गया।
दीपक ने बताया कि सूरज सिलाई का काम करता था और अविवाहित था। उसने कभी तनाव या कर्ज की बात नहीं की। घटना के समय मां रिश्तेदारी में गई थी। कमरे से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने सूरज का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जाएगी।
पुलिस ने शव पोस्ट मार्टम के लिए मर्चुरी भेजा
दूसरी घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के बुद्ध नगर पानी की टंकी के पास की है। यहां सुरेश (35) पुत्र मधुकर राव पाटिल ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुरेश किसी निजी संस्था में कार्यरत था और सोमवार को घर पर अकेला था। उसका एक भाई है, जो अलग रहता है। पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version