
इंदौर में आईपीएस अधिकारी ने देर रात आजाद नगर और तेजाजी नगर इलाके में ढाबों और होटलों पर आकस्मिक चेकिंग की। इस दौरान कार में शराब पीते कई लोगों को पकड़ा। उनके खिलाफ खुले में शराब पीने के साथ शराब पीकर गाड़ी चलाने को लेकर कार्रवाई की गई। डीसीपी जोन-1 विनोद मीणा के आदेश पर आईपीएस करण दीप सिंह देर रात आजाद नगर और तेजाजी नगर इलाके के ढाबे और रेस्टोरेंट पहुंचे। यहां पर शराब पीने वालो पर कार्रवाई की। इस दौरान उन्होंने चेकिंग के दौरान किला कोठी ढाबे पर कार्रवाई की। यहां कार में बैठकर युवक गांजा पी रहे थे। वहीं दूसरी तरफ टीम अपना ढाबा तेजाजी नगर पहुंची। यहां पर कार में शराब पीते हुए युवक मिले। उन्हें भी थाने पहुंचाकर कार्रवाई की गई। टीम ने बायपास इलाके में सिंह साहब ढाबा और गोवर्धन रेस्टोरेंट पर भी कार्रवाई की। यहां भी कार में बैठकर शराब पीते हुए लोगों को पकड़ा।
अवैध शराब को लेकर कार्रवाई
राजेन्द्र नगर इलाके के बुध नगर में भी अवैध शराब को लेकर कार्रवाई की गई। यहां अशोक नाम के व्यक्ति को अवैध शराब बेचते हुए पकड़ा गया। उससे काफी मात्रा में अवैध देसी शराब की बोतलें भी मिली है। उस पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
