नो इंट्री में प्रवेश कर रही बिना परमिट की बस को पकड़ा, चार महीने का रोड टैक्स भी था बकाया।
इंदौर – शहर में सुगम सुरक्षित व सुखद यातायात हेतु वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा निर्देशन में पुलिस द्वारा लगातार यातायात प्रबंधन का कार्य एवं नियमो का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही भी की जा रही है।
इसी अनुक्रम में कल दिनांक 08 अक्टूबर की सुबह से आज 09 अक्टूबर की सुबह तक, नो एंट्री में भारी वाहनों को लाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध, इंदौर पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए कुल 24 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की और उन्हें हिदायत दी गई कि प्रशासन द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का पालन करें।
इसी कड़ी में कार्यवाही के दौरान देवास नाका नो इंट्री प्वाइंट पर बुधवार सुबह तैनात सूबेदार सैयद काजिम हुसैन रिजवी और उनकी टीम ने उदयपुर से सवारियां लेकर आ रही और नो इंट्री से शहर में प्रवेश कर रही बस को रोका। टीम ने बस (एमपी 44 झेडई 2923) के दस्तावेज जांचे, तो परमिट खत्म मिला। पूछताछ में चालक महेश कुमार दमानी, निवासी जावरा, रतलाम ने बताया कि कंपनी की बस रास्ते में खराब हो गई, तो सवारियां लाने के लिए इस बस को इंदौर से भेजा गया था। बस मालिक ने मई 2025 से रोड टैक्स भी जमा नहीं किया है, जिसके चलते इंदौर यातायात पुलिस द्वारा कराधान अधिनियम के तहत प्रकरण तैयार कर आरटीओ को अग्रिम कार्यवाही के लिए भेजा गया है।
