एमआर-11 रोड पर स्थित होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल ने नगर निगम की बिना अनुमति लिए 15 हरे भरे पेड़ों की अवैध रूप से कटाई कर दी। जानकारी लगने पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। मौका जायजा लिया और स्कूल प्रबंधन पर डेढ़ लाख रुपए का स्पॉट फाइन कर हाथों हाथ राशि वसूल की।
वार्ड 36 स्थित एमआर-11 रोड पर नगर निगम की टीम को पेड़ काटने की सूचना मिली थी। टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि होली फैमिली कॉन्वेंट स्कूल ने बिना नगर निगम की अनुमति के 15 हरे भरे पेड़ों की अवैध रूप से कटाई की। जोन 22 की उद्यान शाखा की टीम ने तुरंत स्थिति का जायजा लेते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जोनल अधिकारी शिवराज यादव ने बताया कि नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा के निर्देश पर पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को नुकसान पहुंचाने की इस कार्रवाई को गंभीरता से लेते हुए उद्यान शाखा ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की।
स्कूल प्रबंधन पर डेढ़ लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया और हाथों हाथ ये राशि वसूल की गई। नगर निगम ने आमजन से अपील की है कि किसी भी पेड़ की कटाई या छटाई से पहले विधिवत अनुमति ले। अवैध कटाई करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।
