इंदौर के विजयनगर में महिला के गले से मंगलसूत्र लूटा:बाइक सवार बदमाश स्कूटर चला रही महिला की रेकी करते दिखे; पुलिस कर रही तलाश

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर के विजयनगर इलाके में बदमाशों ने एक महिला के गले से मंगलसूत्र लूट लिया और बाइक से फरार हो गए। पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई है। शनिवार को इस मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की और अब बदमाशों की तलाश हुलिए और बाइक के आधार पर की जा रही है।
विजयनगर पुलिस के मुताबिक, घटना रात करीब 11:30 बजे की है। विमला पटेल अपने पति और बच्चों के साथ मार्केट गई थीं। वह स्कूटर चला रही थीं, जबकि उनके पति बच्चों के साथ दूसरी बाइक पर थे। जब वह रोबोट चौराहे के पास मुड़ रही थीं, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र तोड़ लिया। मंगलसूत्र में सोने का लॉकेट और मोती लगे थे।
विमला के मुताबिक, उन्होंने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। पीछे बैठे आरोपी ने हेलमेट पहना हुआ था। पुलिस ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और महिला के आने-जाने के रास्ते की जानकारी ली। जांच में एक वीडियो मिला है जिसमें दो बाइक सवार संदिग्ध रेकी करते दिखाई दे रहे हैं।
तीन थाना क्षेत्रों में चोरी की वारदातें
चंदन नगर : फरहीन शाह नामक महिला ने एफआईआर दर्ज कराई है। फरहीन सिलाई का काम करती हैं। उन्होंने बताया कि 8 अक्टूबर को जब उन्होंने ऊपरी अलमारी में देखा, तो वहां रखा एक सोने का हार, दो अंगूठियां, चांदी के जेवर और करीब डेढ़ लाख रुपए नकद गायब थे। परिजनों से पूछताछ के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पलासिया : मुकेश सैनी निवासी मेन रोड ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके फ्लैट में खुले दरवाजे से बदमाश घुस आया। आरोपी सोने की चैन, उनकी पत्नी की अंगूठी, कार की चाबी, पर्स से पांच हजार रुपए और अन्य सामान चोरी कर ले गया।
लसूडिया: सिंगापुरी ग्रीन कॉलोनी में रंजना विश्वकर्मा के घर से बदमाशों ने सोने का मंगलसूत्र, नौ सोने के लॉकेट, अंगूठियां और अन्य जेवर चुरा लिए। इस मामले में भी पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस का कहना है कि सभी वारदातों की जांच की जा रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके।

Exit mobile version