इंदौर की परमल फैक्ट्री में हादसा:मशीन में फंसने से महिला मजदूर की मौत, आज सीसीटीवी खंगालेगी पुलिस

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर की परमल फैक्ट्री में काम के दौरान एक महिला की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि महिला सामान उठाने गई थी, तभी उसके सिर पर बंधा कपड़ा मशीन के पट्टे में फंस गया, जिससे वह उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना धार रोड स्थित गिरधारीलाल एंड संस फैक्ट्री की है, जहां परमल बनाने का काम होता है। मृतक महिला की पहचान राजकुमारी पति धन्ना के रूप में हुई है। फैक्ट्री मालिक के भाई संजय के अनुसार, राजकुमारी दैनिक वेतनभोगी मजदूर थी और घटना के वक्त मशीन के पास से सामान उठा रही थी। तभी उसका गमछा मशीन के पट्टे में फंस गया। तुरंत मशीन बंद कर दी गई, लेकिन तब तक वह बुरी तरह उलझ चुकी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में मर्ग कायम कर लिया है और आज फैक्ट्री जाकर सीसीटीवी फुटेज की जांच करेगी। लापरवाही की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कहा है कि विस्तृत जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
राजकुमारी मूल रूप से मेघनगर की रहने वाली थी और फैक्ट्री के पास किराये के मकान में रहती थी। हादसे के वक्त उसका पति भी वहीं था, जो उसी फैक्ट्री में काम करता है। दंपती के तीन बच्चे हैं।

Exit mobile version