इंदौर जिले में आगामी खरीफ 2025 में ब्रॉड बेड फरो (बीबीएफ) पद्धति से सोयाबीन की बोवनी के महाअभियान हेतु कार्यालय सहायक यंत्री कृषि अभियांत्रिकी इन्दौर में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के मैदानी अमले एवं अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सर्वप्रथम कृषि वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र कस्तुरबाग्राम इन्दौर डॉ. अर्पणा वाजपेयी द्वारा ब्रॉड बेड फरो (बीबीएफ) पद्धति से बोवनी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई तथा कृषि वैज्ञानिक भारतीय सोयाबीन अनुसंधान केन्द्र इन्दौर डॉ. राकेश वर्मा द्वारा सोयाबीन उत्पादन की उन्नत तकनीकी की जानकारी दी गई। साथ ही कृषि वैज्ञानिक डॉ. अरूण शुक्ला द्वारा सोयाबीन उत्पादकता में लगातार आ रही गिरावट एवं गिरावट से निजात पाने के उन्नत तकनीकी की जानकारी दी गई।
उप संचालक किसान कल्यााण तथा कृषि विकास इन्दौर श्री सी.एल. केवडा द्वारा जिले में संचालित विभागीय योजनाओं की जानकारी देते हुए ब्रॉड बेड फरो (बीबीएफ) पद्धति एवं सोयाबीन की नवीन किस्मों का अधिकतम समावेश कर उत्पादकता बढाने हेतु मैदानी अमले को समझाईस देकर जिले के समस्त किसानों तक ब्रॉड बेड फरो (बीबीएफ) पद्धति तकनीकी पहुंचाने हेतु निर्देशित किया गया। प्रशिक्षण में अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री एस.आर.एस्के , सहायक संचालक कृषि श्री आर.एस.चौहान, प्रभारी सहायक यंत्री श्री मनोज भार्गव , वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री राजेश धारे, श्री सत्यनारायण जाट, श्री जितेन्द्र चारेल सहित जिले के अन्य कृषि विकास अधिकारियों ने प्रशिक्षण में भाग लिया।
