
मांगलिया की लवकुश कॉलोनी में मंगलवार देर रात हिट एंड रन केस में नशे में धुत इनोवा कार चालक की टक्कर से घायल 6 साल की मासूम भाग्यश्री गोस्वामी की मौत हो गई। बच्ची की मौत से आक्रोशित परिजन व कॉलोनीवासियों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार को बच्ची के शव के साथ एबी रोड पर करीब 2 घंटे चक्काजाम किया।
इस कारण मांगलिया ब्रिज व देवास नाके से ट्रैफिक डायवर्ट करना पड़ा। चक्काजाम लगने पर एसडीओपी प्रशांत भदौरिया, टीआई शिप्रा जीएस महोबिया, तहसीलदार विकाश रघुवंशी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर हत्या का केस दर्ज करने का आश्वासन दिया, तब चक्काजाम खत्म हुआ।
