स्कीम-78 में तीन दिन पहले स्कॉर्पियो कार से हुए हादसे में इंजीनियरिंग के छात्र आयुष राठौर और कृष्णपाल की जान लेने वाले तीन आरोपियों को लसूड़िया पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनका एक साथी फरार है। चारों पर पुलिस ने मानव वध की धारा 105 बीएनएस में केस दर्ज किया है। चारों कार में नशा पार्टी करते हुए तेज आवाज में म्यूजिक चला रहे थे। वे कार की हाईएस्ट स्पीड चेक करने के लिए दौड़ा रहे थे, तभी छात्रों को कुचल दिया।
टीआई तारेश सोनी ने बताया, शुक्रवार देर रात हुए हादसे में कार मालिक अभिजीत कुशवाह के छोटे भाई शिवम निवासी वैभव नगर, उसके साथी देवराज चौहान और दीपांशु ठाकुर निवासी सिवनी मालवा को होशंगाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। इनका साथी रोहित कलावत फरार है। तीसरा आरोपी शिवम खजराना इलाके की एक होटल में छिप गया था। देवराज व दीपांशु होशंगाबाद के लिए निकल गए थे।
जैसे ही हादसा हुआ, नशे का सामान लेकर भाग गए
टीआई सोनी ने बताया, हादसे के बाद चारों आरोपियों ने कार छोड़ दी। वे शराब की बोतल, गिलास व अन्य सामान लेकर भाग निकले थे। शिवम ने बताया, कार खरीदने के बाद वे रात 11.30 बजे घर से निकला था। पहले महालक्ष्मी नगर से रोहित कलावत को साथ में लिया फिर सुखलिया स्थित मार्थोमा स्कूल के पास फ्लैट में रहने वाले देवराज और दीपांशु को कार में बैठाया। चारों ने पहले तो जमकर शराब पार्टी की फिर देवराज ने शिवम से कार चलाने के लिए मांगी।
रोहित, दीपांशु और शिवम ने म्यूजिक साउंड हाई कर दिया। तीनों देवराज को उकसा रहे थे कि रफ्तार बढ़ा। स्पीड चेक करेंगे। इसी दौरान बाइक सवार इनके सामने आ गए और इन्होंने उन्हें रौंद दिया। दीपांशु बीएससी थर्ड ईयर और देवराज बी फार्मा का छात्र है।
