सोशल मीडिया पर रंगपंचमी गेर की सूचना देख दिल्ली-हरियाणा का चेन चोर गिरोह पहुंचा इंदौर

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में रंगपंचमी के दौरान एक अंतरराज्यीय चेन चोर गिरोह को पुलिस ने पकड़ा। गिरोह के 14 महिलाओं और पांच पुरुषों को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया। आरोपित महिलाएं कटर लेकर आई थीं और महिलाओं के मंगलसूत्र-चेन काटने की कोशिश कर रही थीं।
इंदौर में रंगपंचमी के दौरान अंतरराज्यीय चेन चोर गिरोह का खुलासा हुआ।
14 महिलाओं और 5 पुरुषों को गिरफ्तार किया, कटर और चेन भी बरामद।
ये महिलाएं रंग लगाने की आड़ में जेवर चुराने की कोशिश कर रही थीं।
इंदौर। गेर में चोर-जेबकतरे भी शामिल हुए। महिलाओं के मंगलसूत्र-चेन काटने की कोशिश की। क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय गिरोह की 14 महिलाओं और पांच पुरुषों को पकड़ा है। आरोपित महिलाएं कटर लेकर आई थीं। एक चेन और कटर जब्त भी किया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश है, जो भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए हैं।
डीसीपी (अपराध) राजेश त्रिपाठी के मुताबिक आपराधिक घटनाओं को देखते हुए अपराध शाखा की टीम को सादे कपड़ों में तैनात किया गया था। टीम ने राजवाड़ा पुलिस चौकी के समीप कुछ महिलाओं को संदिग्ध अवस्था में देखा। आरोपित महिलाएं रंग लगाने की आड़ में जेवर चुराने की कोशिश कर रही थीं। पुलिसकर्मियों ने 14 महिलाओं और पांच पुरुषों को पकड़ा है।
एमजी रोड थाने में दर्ज किया केस
सभी के विरुद्ध एमजी रोड थाना में केस दर्ज किया गया है। डीसीपी के मुताबिक आरोपित दीपक निवासी हरिनागर पलवन (हरियाणा), पवन पुत्र पदम, अमरजीत निवासी वल्लभगढ़ (फरीदाबाद), सोनू सिंह निवासी बैगपुर (फरीदाबाद), ओमवीर निवासी तिगोटा (फरीदाबाद) और रेखा (बीकानेर), सीमा (डूंगरपुर), सपना (हरियाणा), कृष्णा (हरियाणा), सुमन, उषा, वीरो, परवाह, आरती, मीना, मंजू, ज्योति, शालू और ज्योति भल्लू को पकड़ा गया है। आरोपित महिलाओं ने पुलिस को बताया कि सोशल मीडिया पर गेर की खबर देखी थी। इसके बाद चोरी करने के लिए आई थीं। महिलाओं को चिह्नित (टारगेट) कर पुरुषों को घेर लेती थीं। फिर धक्का-मुक्की कर चेन व मंगलसूत्र निकाल लेती थीं। पुलिस ने आरोपित महिलाओं से एक कटर और चेन बरामद की है।

Exit mobile version