हरियाखेड़ी से बीबीखेड़ी व रतनखेड़ी जाने वाले मार्ग पर एक ट्राली पलटने की घटना घटी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस हादसे में 25 से 27 मजदूर घायल हुए हैं और दो महिलाओं की मौत हो गई। स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया है।
हरियाखेड़ी मार्ग पर ट्राली पलटी।
हादसे में 2 महिलाओं की मौत।
मार्ग पर दुर्घटना में 25 मजदूर घायल।
सांवेर तहसील के चंद्रावतीगंज थाना क्षेत्र में सोमवार शाम लगभग 6.30 बजे मजदूरों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना ग्राम रतनखेड़ी और बीबीखेड़ी के बीच रोड किनारे हुई।
जानकारी के अनुसार, ग्राम रतनखेड़ी के कुछ मजदूर खेतों में काम करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। वे ट्रैक्टर ट्रॉली में सवार होकर बीबीखेड़ी और हरियाखेड़ी जा रहे थे। इसी दौरान ट्रॉली पलट गई, जिससे लगभग 25 से 27 मजदूर घायल हो गए।
दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मौत
दो महिलाओं की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। शेष घायलों को तत्काल सावेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के लिए भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर घायलों को अरविंदो अस्पताल रेफर किया गया।
एडिशनल एसपी रुपेश द्विवेदी ने घटना की पुष्टि की और राहत व बचाव कार्य तुरंत शुरू होने की जानकारी दी। स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने घायलों को प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई और आगे की जांच शुरू कर दी है।
