हीरानगर इलाके में गुरुवार रात करीब 12 बजे बदमाशों ने नशे में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। वारदात आरोपियों के घर से कुछ दूरी पर हुई। सूचना मिलने पर पुलिस देर रात मौके पर पहुंची और एक आरोपी को हिरासत में ले लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान उमेश के रूप में हुई है, जो कबीटखेड़ी इलाके का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि नाले के किनारे बदमाशों का विवाद हुआ, जिसके बाद चीना ठाकुर, उसका भाई पप्पी और दोस्त आशीष चौहान ने उमेश पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाते समय उमेश की मौत हो गई।
बताया जाता है कि उमेश आरोपियों से बचने के लिए कुछ दूरी तक भागा भी था, लेकिन हमलावरों ने उसे पकड़कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने देर रात आशीष चौहान को हिरासत में लिया है, वहीं चीना ठाकुर और उसके भाई पप्पी की तलाश जारी है। उमेश की पहचान उसकी जेब में मिले कागजों से हुई।
दोनों भाइयों पर पहले से अपराध दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, चीना ठाकुर और उसके भाई पप्पी के खिलाफ पहले से हीरानगर, परदेशीपुरा और लसूडिया थानों में अपराध दर्ज हैं। दोनों अक्सर इलाके में विवाद और उपद्रव करते रहते हैं।
