श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा पीथमपुर में कार्यशाला श्रृंखला का शुभारंभ

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर,
श्रम विभाग द्वारा उद्योग और श्रमिकों के बीच सहयोग को सुदृढ़ करने तथा समग्र कल्याण और विकासात्मक प्रगति पर बल देने के उद्देश्य से “श्री (SHREE) कार्यशालाओं” (सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण, संबंध, उद्यम एवं शिक्षा) की श्रृंखला की शुरुआत की गई है।
इस कार्यशाला श्रृंखला का शुभारंभ गुरूवार को श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल द्वारा पीथमपुर स्थित ब्रिजस्टोन कंपनी परिसर में किया गया। इस अवसर पर मंत्री श्री पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि उद्योग और श्रमिकों के मध्य सौहार्दपूर्ण संबंध आवश्यक हैं, ताकि विकासात्मक गतिविधियाँ सही भाव एवं दिशा में राष्ट्रीय हित के अनुरूप आगे बढ़ सकें। इस अवसर पर उद्योग प्रतिनिधियों और श्रमिकों ने एक साझा मंच पर आकर श्रमिक कल्याण और औद्योगिक विकास से जुड़े महत्त्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा औद्योगिक सुरक्षा, योग के मूलभूत अभ्यास एवं सूर्य नमस्कार और प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना जैसी महत्वपूर्ण शासकीय योजनाओं पर प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यशाला में विभाग की कुछ अभिनव पहलों पर भी चर्चा हुई, जिनमें – श्रमिकों के सामूहिक सशक्तिकरण हेतु श्रमणा श्रमिक सहकारी समितियों का गठन, प्रतिष्ठानों को अपनी श्रमिक-कल्याण उन्मुख पहलों को प्रदर्शित करने हेतु प्रस्तावित “श्रम स्टार रेटिंग प्रणाली” शामिल हैं।
इस कार्यशाला में श्रम विभाग के अधिकारियों सहित पीथमपुर एवं इंदौर स्थित वृहद श्रेणी के कारखानों के सेफ्टी ऑफिसर्स और मानव संसाधन प्रबंधकों की सक्रिय सहभागिता रही। श्री कार्यशाला श्रृंखला का उद्देश्य विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में संवाद, जागरूकता और सहभागिता का वातावरण तैयार करना है। इस क्रम में आगामी दूसरी कार्यशाला मंडीदीप में शुक्रवार, 26 सितम्बर को आयोजित की जाएगी। श्रम विभाग श्रमिक कल्याण, उत्पादकता और राष्ट्रीय विकास को समानांतर रूप से आगे बढ़ाने के प्रति कृत संकल्पित है।

Exit mobile version