इंदौर के संयोगितागंज थाने में 17 साल की एक लड़की ने शिकायत दी है कि महू का रहने वाला लक्की खान उसे छेड़ रहा है और जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
लड़की ने बताया कि करीब 3 साल पहले उसकी लक्की से एक शादी में पहचान हुई थी। लक्की ने उसका मोबाइल नंबर लिया और फिर इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। कुछ समय तक दोनों की बात होती रही, लेकिन कुछ महीनों पहले लड़की ने उससे बात करना बंद कर दी।
एक दिन पहले जब वह सन्मति स्कूल के पास से जा रही थी, तभी लक्की पीछे आया और बोला – “तू मुझसे बात क्यों नहीं करती? इंस्टाग्राम पर फिर से बात शुरू कर।” जब लड़की ने मना किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी।
घबराई लड़की ने घर जाकर परिजनों को बताया। परिजन उसे थाने लेकर पहुंचे, जहां पुलिस ने छेड़छाड़ और धमकी का मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।
