इंदौर। मानसून के मौसम में शहर की सड़कों पर जल भराव होने से रोकने के लिए इंदौर नगर निगम और यातायात पुलिस ने हाथ मिला लिया है। नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने जोनल अधिकारियों को साफ शब्दों में समझा दिया है कि अभी से जल भराव ना हो इसके लिए कदम उठा लो। यदि बारिश के मौसम में आपके क्षेत्र में पानी भराया तो आप पर कार्रवाई होगी।
आयुक्त ने यह चेतावनी कल शाम को सिटी बस कंपनी के कार्यालय में आयोजित सभी जोनल अधिकारियों की बैठक में दी। निगम के द्वारा कराए गए सर्वेक्षण में शहर में जल भराव वाले जितने स्थान पाए गए थे उन स्थानों पर निगम की ओर से पानी ना भराएं इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है। कुछ स्थानों पर यह कार्य चल रहा है।
पिछले दिनों इंदौर के यातायात को लेकर एक बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में पुलिस आयुक्त संतोष सिंह और कलेक्टर आशीष सिंह भी मौजूद थे। इस बैठक में यातायात पुलिस के अधिकारियों के द्वारा यह जानकारी दी गई थी कि उन्होंने भी इस बात का सर्वेक्षण किया है कि कितने स्थान पर पानी भर जाने के कारण यातायात में परेशानी पैदा होती है। उस समय तो मीटिंग में सरसरी तौर पर इस बारे में बात हुई और बातचीत समाप्त हो गई। कल जब निगम आयुक्त के द्वारा बैठक रखी गई थी तो उन्होंने यातायात पुलिस के अधिकारियों से चर्चा कर उनके द्वारा किए गए सर्वेक्षण की जानकारी को भी बुलवा लिया। यह जानकारी भी नगर निगम के जोनल अधिकारियों के साथ सांझा की गई है।
इन अधिकारियों को यह स्पष्ट कर दिया गया है कि जल भराव वाले हर स्थान पर पानी की निकासी के लिए जो कदम उठाए जाना है वह कदम उठाने का काम तत्काल कर लेवें। बारिश के मौसम में यदि कहीं भी जल भराव होता है तो उसके लिए जिम्मेदार जोनल अधिकारी होगा और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पहली बार सीधे तौर पर जिम्मेदारी का निर्धारण करते हुए आयुक्त के द्वारा जल भराव की समस्या के बेहतर समाधान की पहल की गई है।
