विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु समुदाय के हितग्राहियों को प्राथमिकता से विभागीय योजनाओं का लाभ देने के निर्देश।

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read


विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न।
विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु समुदाय के हितग्राहियों की समस्याओं एवं विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा हेतु अपर कलेक्टर श्री रोशन राय की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय में बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में विगत बैठक की प्रगति की विभागवार समीक्षा कर समय सीमा में लक्ष्य पूरा करने हेतु निर्देशित किया गया।
अपर कलेक्टर श्री राय ने स्कूल शिक्षा विभाग के जिला परियोजना समन्वयक को निर्देशित किया कि इस समुदाय के विद्यार्थियों के लिए स्कूल में प्रवेश के समय ही प्राथमिकता के साथ समग्र, आधार एवं जाति प्रमाण पत्र बनवाये जाने की कार्यवाही की जाये। इसी प्रकार इस संबंध में ई-गवर्नेस मैनेजर को चिन्हित विमुक्त ग्रामों में आधार कार्ड बनाने हेतु शिविर लगाने के निर्देश दिये गये। इस अवसर पर ग्राम पंचायत सिंहासा के प्रतिनिधियों ने ग्राम के हाई स्कूल को हायर सेकेन्ड्री स्कूल में प्रोन्नत करने की मांग की गई। अपर कलेक्टर द्वारा शिक्षा विभाग को प्रस्ताव बनाने हेतु निर्देशित किया गया।
स्वरोजगार योजना के लक्ष्य पूर्ण करने एवं रोजगार मेला का आयोजन किये जाने के संबंध में सहायक संचालक विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु कल्याण विभाग को निर्देशित किया गया कि वे संबंधित विभाग से समन्वय कर शिविरों का आयोजन करवाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उपस्थित सामाजिक प्रतिनिधियों ने जाति प्रमाण पत्र बनवाने में आने वाली कठिनाईयों का भी उल्लेख किया, जिस पर नियमानुसार समय सीमा में जाति प्रमाण पत्र जारी किये जाने हेतु संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को निर्देश जारी किये गये। इसी क्रम में श्री अनिल कुमार सोनी, सहायक संचालक विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्ध घुमन्तु कल्याण विभाग ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी एवं आभार व्यक्त किया। बैठक में सहायक आयुक्त आदिवासी विकास, प्रभारी संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय विभाग, जिला परियोजना समन्वयक (जिला शिक्षा केन्द्र.), क्षेत्र संयोजक पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग जिला इन्दौर एवं सामाजिक प्रतिनिधि श्री प्रकाश मानावत, बंजारा जनविकास सेवा समिति के श्री इंदर सिंह चौधरी, घुमन्तु अर्द्ध घुमन्तु जनजाति महासंघ के श्री मदन लाल वैष्णव, समाज सेवी श्री जितेन्द्र यादव आदि उपस्थित थे।

Exit mobile version