इंदौर,
भारत सरकार के निर्देशानुसार सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के साथ इंदौर जिले में भी आज राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 04 की विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ के मुख्य आतिथ्य में सांदीपनि मालव कन्या विद्यालय, महू नाका से किया गया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत 1 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को कृमिनाशक दवा (एल्बेंडाजोल) दी जाएगी। इसमें शासकीय, अशासकीय, निजी, अनुदान प्राप्त विद्यालयों, आदिवासी आश्रम शालाओं, मदरसों, केन्द्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों एवं आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ-साथ शालात्यागी बच्चे भी शामिल रहेंगे। जिले में लगभग 12 लाख बच्चों को इस अभियान में आच्छादित किया गया है। जो बच्चे 23 सितंबर को दवा नहीं ले पाएं, उन्हें मॉप-अप राउंड में 26 सितंबर को दवा दी जाएगी।
मुख्य अतिथि विधायक श्रीमती मालिनी गौड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में मातृ शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में संचालित योजनाओं से बच्चों का भविष्य सशक्त होगा। विधायक श्रीमती गौड़ ने विद्यालय में विद्यार्थियों को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यालय की बस सेवा पुनः प्रारंभ करने की बात भी कही।
कार्यक्रम में कुल 582 बच्चों तथा शिक्षिकाओं को एल्बेंडाजोल की खुराक दी गई। दवा वितरण का उद्देश्य बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त कर उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास को सुनिश्चित करना है। विशेषज्ञों ने बताया कि बच्चों में कृमि संक्रमण अस्वच्छ आदतों जैसे बिना हाथ धोए भोजन करना, नंगे पैर चलना, दूषित फल एवं सब्जियों का सेवन करने से फैलता है।
इस अवसर पर जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. तरुण गुप्ता, जिला विस्तार एवं माध्यम अधिकारी डॉ. मनीषा पंडित, जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. शिवराज सिंह चौहान, झोनल चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता, चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ.पी. कदम, एविडेंस एक्शन के क्षेत्रीय समन्वयक श्री आदिल खान एवं टीकाकरण सहयोगी श्री विकास वर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
