राज्य स्तर पर शासकीय सांदीपनि विद्यालय इंदौर का परचम लहराया

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

इंदौर,
शासकीय सांदीपनि नवीन मालव कन्या विद्यालय, एम.ओ.जी. लाईन इंदौर की दो प्रतिभाशाली छात्राओं ने दो अलग-अलग राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इन उपलब्धियों ने न केवल विद्यालय का गौरव बढ़ाया है, बल्कि इंदौर का नाम भी पूरे प्रदेश में रोशन किया है।
विद्यालय की छात्रा कविता सिरोके ने स्वरचित कविता पाठ (कनिष्ठ वर्ग) में इंदौर में आयोजित प्रतियोगिता में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राधिका तिवारी ने संस्कृत भाषण प्रतियोगिता (वरिष्ठ वर्ग) में उज्जैन में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया।
कविता सिरोके को शिक्षिका श्रीमती मध्यमा बड़जात्या द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया, वहीं राधिका तिवारी का मार्गदर्शन डॉ. सपना पोरवाल ने किया। विद्यालय परिसर में दोनों छात्राओं की इस सफलता पर अत्यंत हर्ष और उत्साह का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य श्री रामकृष्ण कोरी (पंथी) ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा-“यह सफलता विद्यार्थियों की लगन, शिक्षकों के समर्पण और विद्यालय के सकारात्मक शिक्षण वातावरण का परिणाम है।” विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने छात्राओं की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दी हैं।

Exit mobile version