
इंदौर की आजाद नगर पुलिस ने एमडी ड्रग की तस्करी के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लगभग 50 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की गई। बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी राजस्थान से इंदौर में ड्रग की डिलीवरी देने आया था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के चलते उसे पकड़ लिया गया। इससे पहले, आईपीएस करणदीप सिंह ने तेजाजी नगर क्षेत्र में 200 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की थी, जिसके आधार पर पुलिस को इन आरोपियों की जानकारी मिली थी।
मूसाखेड़ी इलाके से तीन आरोपी गिरफ्तार
आजाद नगर पुलिस ने जावेद उर्फ छोटू खान (निवासी झालावाड़, राजस्थान), वसीम (पुत्र राजू खान, निवासी बड़ौद), और सुरेश (पुत्र सखाराम) को मूसाखेड़ी इलाके से गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जावेद इंदौर में एमडी ड्रग की डिलीवरी देने आया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ लिया और तलाशी के दौरान उनके पास से लाखों रुपए कीमत की 50 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की गई।
पहले भी पकड़ी जा चुकी है बड़ी खेप
लगभग 10 दिन पहले, तेजाजी नगर पुलिस ने आईपीएस करणदीप सिंह के नेतृत्व में 200 ग्राम एमडी ड्रग बरामद की थी। इस कार्रवाई के दौरान कई स्थानीय तस्करों के नाम सामने आए थे। पुलिस को शाहरुख उर्फ पेट्रोल से पूछताछ के दौरान पता चला कि इंदौर में नशे का सामान राजस्थान और बड़ौद के रास्ते लाया जाता है। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने तस्करों को ट्रैक किया और उन्हें दबोचने में सफलता पाई।
पुलिस अब आरोपियों से आगे की पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ड्रग सप्लाई का नेटवर्क कितना बड़ा है और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
