
इंदौर, 19 जनवरी: Exhibit A द्वारा प्रस्तुत और क्यूरेटर कविशा चावला द्वारा संयोजित “रंग बाजार” एकल कला प्रदर्शनी ने कला प्रेमियों और समीक्षकों को बेहद आकर्षित किया। इस प्रदर्शनी का भव्य उद्घाटन सुप्रसिद्ध शास्त्रीय गायिका कल्पिनी कोमकली द्वारा किया गया, जिससे यह आयोजन और भी खास बन गया।
अनूप श्रीवास्तव, जिन्होंने इंदौर कॉलेज ऑफ़ आर्ट से अपनी कला शिक्षा प्राप्त की है, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित कला महोत्सवों में भाग ले चुके हैं। उनकी कृतियाँ भारतीय लोकजीवन, मेलों, पर्यावरण और सांस्कृतिक धरोहर को विशेष रूप से उभारती हैं।
“धार के बाजारों से प्रेरित रंग बाजार”
“रंग बाजार” प्रदर्शनी की प्रेरणा धार के पारंपरिक बाजारों और हाटों से ली गई है, जो सिर्फ खरीदारी के केंद्र नहीं होते, बल्कि एक जीवंत सांस्कृतिक अनुभव भी देते हैं। धार का बाजार केवल व्यापार का स्थान नहीं, बल्कि वहाँ की लोकसंस्कृति, परंपराएँ और समुदाय का प्रतिबिंब होता है।
धार के बाजारों में दिवाली से कुछ दिन पहले लगने वाले विशेष हाट की छवि भी इस प्रदर्शनी में झलकती है। इन बाजारों में गाय-बैल को सजाने के पारंपरिक सामान, रंगोली के रंग, मिट्टी के दीपक, लकड़ी और धातु की पारंपरिक कलाकृतियाँ मिलती हैं। यह बाजार न सिर्फ खरीदारी का स्थान होता है, बल्कि यहाँ लोकगीतों की गूंज, पारंपरिक वेशभूषा और मेल-जोल का एक अनोखा दृश्य भी देखने को मिलता है।
अनूप श्रीवास्तव ने अपनी कृतियों में इन बाजारों की ऊर्जा, जीवंत रंगों और लोकजीवन की गर्मजोशी को बड़ी खूबसूरती से उकेरा है। उनकी पेंटिंग्स में वही विविधता और सांस्कृतिक रंगत देखने को मिलती है, जो धार के बाजारों में बसती है।
प्रदर्शनी का विवरण
यह प्रदर्शनी 19 से 22 जनवरी तक चलेगी और प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। यह गोल्ड स्टोन बिल्डिंग, इंदौर में आयोजित की जा रही है और सभी के लिए नि:शुल्क है।
कला प्रेमियों और संग्रहकर्ताओं के लिए यह एक अनूठा अवसर है, जहाँ वे धार की सांस्कृतिक जीवंतता को कला के माध्यम से अनुभव कर सकते है
