इंदौर के हीरानगर इलाके में एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर तेज रफ्तार एक्टिवा चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। आरोपी युवती पर दोबारा साथ रहने का दबाव बना रहा था, लेकिन युवती के मना करने पर उसने यह हमला किया।
थाना प्रभारी सुशील पटेल के अनुसार, घटना बुधवार शाम की है। कल्पना नगर क्षेत्र में आरोपी राजेन्द्र चौरसिया ने युवती को रास्ते में रोककर उसके साथ रहने की जिद की। जब युवती ने इनकार किया और विरोध किया, तो दोनों के बीच बहस हो गई। इस दौरान युवती ने खुद की रक्षा के लिए हाथ में पत्थर उठा लिया। तभी आरोपी ने गुस्से में आकर उस पर तेज रफ्तार से एक्टिवा चढ़ा दी और भाग गया।
घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। युवती की शिकायत पर हीरानगर पुलिस ने राजेन्द्र के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। आरोपी पर पहले से भी 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
कुछ समय लिव-इन में रहे थे दोनों
पुलिस जांच में पता चला है कि युवती और राजेन्द्र पहले प्रेम संबंध में थे और कुछ समय तक लिव-इन रिलेशनशिप में भी रहे। लेकिन राजेन्द्र की नशे की लत और हिंसक व्यवहार के चलते युवती ने संबंध खत्म कर दिए थे। इसके बाद वह मुंबई चली गई और वहां नौकरी करने लगी।
हाल ही में सितंबर में युवती के पिता का निधन हुआ, तो वह इंदौर वापस आई। यह जानकारी मिलते ही राजेन्द्र कल्पना नगर स्थित उसके घर के आसपास घूमने लगा।
बुधवार को जब वह युवती को अकेले देखता है, तो उसे साथ चलने को कहता है। मना करने पर हमला कर देता है। पुलिस ने घायल युवती के अस्पताल में बयान दर्ज किए और इसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर राजेन्द्र के घर पर देर रात दबिश भी दी, लेकिन वह फरार है।
