मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में नागरिकों को दी शुभकामनाएं

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

बड़ी संख्या में बहनें हुई शामिल

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार की शाम इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 1 में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में भोपाल से वर्चुअली जुड़कर उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। यह समारोह स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा आयोजित किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि दीपावली का पर्व भारतीय संस्कृति का प्रतीक पर्व है, जो प्रकाश, सद्भावना, और समृद्धि का संदेश देता है। उन्होंने नव वर्ष की भी अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा की नया वर्ष सभी के लिए मंगलदायी रहे। दीपावली केवल दीप प्रज्वलन का त्यौहार नहीं, बल्कि अंधकार पर प्रकाश, असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय की विजय का उत्सव है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि इस पावन अवसर पर समाज में भाईचारा, सहयोग और सेवा की भावना को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनकल्याण और विकास के प्रति समर्पित है। उन्होंने बताया की लाडली बहना योजना के तहत बहनों को अब 1500 रुपए दिए जाएंगे और आने वाले समय में इस राशि में और वृद्धि की जाएगी।            

  उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय उत्पादों के उपयोग को भी प्रोत्साहित करने की अपील की। दीपावली मिलन समारोह में बड़ी संख्या में बहनें व महिलाएं शामिल हुई। कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री तथा स्थानीय विधायक श्री कैलाश विजयवर्गीय, पूर्व विधायक श्री आकाश विजयवर्गीय और श्री सुदर्शन गुप्ता, श्री सुमित मिश्रा, श्री सत्यनारायण सत्तन सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

- Advertisement -
Exit mobile version