
अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र की मून पैलेस कॉलोनी में एक महिला प्रोफेसर के घर में घुसकर 8 से 10 बदमाशों ने तोड़फोड़ की। बदमाश एक महिला के इशारे पर कार से आए थे। घर में घुसकर तोड़फोड़ कर ताले व सीसीटीवी कैमरे फोड़ गए। महिला प्रोफेसर की मां को सूचना मिली तो उन्होंने अन्नपूर्णा पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है। महिला कीर्ति जोशी ने बताया कि मून पैलेस कॉलोनी में उनकी बेटी अवनी जैन का मकान है। अवनी के पति व सास-ससुर की कोविड में डेथ हो गई। तभी से बेटी अकेली इस मकान में रह रही है। वह नरसिंह मूंजी कॉलेज में प्रोफेसर है। कुछ समय से ट्रेनिंग के लिए अहमदाबाद गई है। परिजन ने आरोप लगाया कि बेटी के मकान पर उसकी ही बुआ सास कब्जा करना चाहती है। इसलिए वह आए दिन गुंडे-बदमाशों को भेजकर घर में घुसने का प्रयास करती है। जिन बदमाशों ने तोड़फोड़ की है, वे उसी के इशारे पर आए थे। पुलिस को इसकी शिकायत की है। इधर अन्नपूर्णा टीआई सुनील शेजवार ने बताया कि मामला पारिवारिक प्रॉपर्टी विवाद का है। जांच के बाद एक्शन लेंगे।
