तेजाजी नगर इलाके में अवैध संबंधों के चलते झांसी से इंदौर आए एक बस ड्राइवर की लाठियों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव तेजाजी नगर इलाके के ग्राम मोरोद में फेंककर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एडिशनल डीसीपी जोन-1 आलोक शर्मा ने बताया कि मृतक का नाम संजय यादव (30) निवासी झांसी है। पुलिस जांच में पता चला कि यह महिला भी झांसी इलाके की रहने वाली है। शादी के बाद महिला इंदौर आ गई। संजय यादव से उसके ताल्लुकात कायम रहे।
महिला ने पुलिस को बताया, मेरे पिता व परिवार के अन्य लोगों को पता चला तो उन्होंने कहा अब मत मिलना उससे। इधर, संजय जब भी इंदौर आता था, मिलने के लिए दबाव बनाता था। यह बात मैंने मेरे पिता मुन्नालाल यादव, भाई रोहित व भांजे शुभम को बताई। उन्होंने कहा कि जब भी संजय इंदौर आए और तुम्हें मिलने को मजबूर करे तो हमें बुला लेना।
घर आते ही लट्ठ लेकर टूट पड़े
एडिशनल डीसीपी शर्मा ने बताया, संजय इंदौर आया तो शुक्रवार देर रात उसने महिला को मिलने बुलाया। पिता के कहने पर महिला ने संजय से कहा कि मेरे घर आकर मिल लो। जैसे ही संजय महिला के घर पहुंचा, मुन्नालाल, रोहित व शुभम तीनों लठ लेकर उस पर टूट पड़े। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई।
