मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के प्रबंध संचालक ने किया इंदौर मेट्रो परियोजना एवं गांधी नगर डिपो क्षेत्र का निरीक्षण

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) के प्रबंध संचालक श्री एस. कृष्ण चैतन्य द्वारा इंदौर मेट्रो परियोजना एवं गांधी नगर डिपो क्षेत्र का दो दिवसीय निरीक्षण 28 एवं 29 नवम्बर 2025 को किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य परियोजना के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्ध प्रगति तथा आगामी संचालन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करना रहा। गत 28 नवम्बर को शाम 4 बजे गांधी नगर स्थित इंदौर मेट्रो कार्यालय में विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परियोजना से संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं कॉन्ट्रैक्टर्स उपस्थित रहे। बैठक में अंडरग्राउंड मेट्रो रूट की प्रगति, तकनीकी तैयारियों एवं निर्माण कार्यों की चरणवार स्थिति पर गहन चर्चा हुई। बैठक के दौरान प्रबंध संचालक ने सभी अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि शेष कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि इंदौर की जनता को सुरक्षित, समयबद्ध, पर्यावरण-अनुकूल और विश्वस्तरीय शहरी परिवहन सुविधा समय पर उपलब्ध कराई जा सके।
प्रबंध संचालक द्वारा आज प्राथमिकता कॉरिडोर पर विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मालवीय नगर चौराहा स्टेशन से सुपर कॉरिडोर-2 स्टेशन तक लगभग 11 किमी लंबा ट्रॉली ट्रायल संचालित किया गया, जिसमें कार्यों की वास्तविक प्रगति का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रबंध संचालक ने निम्न स्टेशनों का दौरा किया-विजय नगर, मेघदूत गार्डन, बापट चौराहा, हीरानगर, चंद्रगुप्त चौराहा एवं मालवीय नगर चौराहा। उन्होंने महत्वपूर्ण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की जिसमे सिविल निर्माण की गुणवत्ता, एस्केलेटर एवं लिफ्ट की स्थापना स्थिति, स्टेशन की एंट्री-एग्ज़िट व्यवस्था, कंट्रोल रूम, टिकटिंग एरिया, विभिन्न सिस्टम रूम, ट्रैक, एवं अन्य तकनीकी कार्य रहे। यह निरीक्षण SC-03 स्टेशन के बाद के स्टेशनों पर मेट्रो संचालन प्रारंभ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
निरीक्षण के दौरान MPMRCL के डायरेक्टर सिस्टम श्री अरुण श्रीवास्तव, डायरेक्टर प्रोजेक्ट श्री अजय गुप्ता, वरिष्ठ अधिकारीगण, जनरल कंसल्टेंट टीम तथा मेट्रो निर्माण एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Exit mobile version