मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में इंदौर में आयोजित हुआ होमगार्ड का स्थापना दिवस समारोह

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

प्लाटूनों द्वारा भव्य परेड का किया गया उम्दा प्रदर्शन

निष्काम सेवा को समर्पित होमगार्ड तथा नागरिक सुरक्षा विभाग मध्यप्रदेश द्वारा 6 दिसंबर 2025 को स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। इस उपलक्ष्य में भोपाल में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने परेड की सलामी ली। इस वर्ष का स्थापना दिवस समारोह होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन महानिदेशक श्रीमती प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव के विशेष नेतृत्व एवं निर्देशानुसार संपूर्ण मध्य प्रदेश में विशेष कार्यक्रम के साथ आयोजित किया गया।
इसी तारतम्य में कार्यालय डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड इंदौर परिसर में स्थापना दिवस समारोह नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। स्थापना दिवस समारोह में परेड का नेतृत्व प्लाटून कमांडर श्री अविनाश दिनकर द्वारा किया गया। साथ ही हथियारों से सुसज्जित प्लाटून, सिविल डिफेंस प्लाटून एवं यातायात प्लाटून के द्वारा भव्य परेड में उम्दा प्रदर्शन किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा परेड की सलामी ली गई। तदुपरांत जिला कमांडेंट श्री सुमत जैन द्वारा गृहमंत्री भारत सरकार के संदेश का वाचन किया गया। मुख्य अतिथि का उद्बोधन, पुरस्कार वितरण, सिविल डिफेंस द्वारा आत्मरक्षा संबंधी नाटिका प्रदर्शन, एस डी आरएफ होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस द्वारा आपदा प्रबंधन संबंधित मॉकड्रिल का आयोजन किया गया ।
स्थापना दिवस समारोह में खेलकूद गतिविधियों के तहत कबड्डी, रस्सा कसी, चेयर रेस आदि आयोजित किए गए। संध्या समय में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, जवानों तथा उनके परिवार के सदस्य द्वारा बढ़ चढ़कर सहभागिता की गई।

Exit mobile version