भंवरकुआं से चुराई 10 बाइक बरामद, 1 आरोपी गिरफ्तार, गैंग के 3 बदमाशों की तलाश जारी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


भंवरकुआं पुलिस ने बाग-टांडा की गैंग को पकड़ा है, इसके बदमाश शहर में आकर बाइक चुरा ले जाते थे। बदमाशों से 10 बाइक जब्त हुई हैं। चोरी करने वाली गैंग का एक बदमाश पकड़ में आया है, जो पिपल्याराव स्थित होस्टल में रह रहा था, ताकि कोई उस पर शक न करे। उसके तीन साथी फरार हैं। वहीं, चोरी की बाइक खरीदने वाले चार लोगों को भी पुलिस ने आरोपी बनाया है।
एडीसीपी जोन-4 दिशेष अग्रवाल के अनुसार बदमाश का नाम बयार राज कर्मा (23) निवासी ग्राम राजपुर जिला बड़वानी है। वर्तमान में यह इलाइट होस्टल में रह रहा है। इसके फरार साथियों के नाम लक्ष्मण बघेल, दीपक और सुनील बघेल तीनों निवासी बाग हैं। उधर, चोरी की बाइक खरीदने वाले रोहित वायकर, गोलू पंवार दोनों निवासी पानसेमल, यश डाबर सेंधवा और भावेश अहिराव नंदूरबार को भी आरोपी बनाया है।
एडीसीपी के अनुसार भंवरकुआं पॉश इलाका है, इसलिए यहां वाहन चोरी की घटनाएं ज्यादा हो रही हैं। इसलिए हमने टीम का गठन किया। इसी दौरान मिली सूचना पर हमने कार्रवाई कर बदमाश राज कर्मा को गिरफ्तार किया। उसने कहा कि महंगे शौक पूरे करने के लिए चोरियां कर रहे हैं।
महाराष्ट्र और पानसेमल में बेच देते थे गाड़ियां
टीआई राजकुमार यादव के अनुसार, कर्मा यहां रहकर रैकी करता था फिर अपने तीनों साथियों को बुलाकर चोरी करवाता था। गैंग उन सूने इलाकों में चोरी करती थी, जहां गाड़ियां बाहर खड़ी रहती थीं। चोरी की गाड़ियां महाराष्ट्र और पानसेमल में बेच देते थे। चोरी की 10 गाड़ियां जब्त की गई हैं। इसमें से 7 गाड़ियां भंवरकुआं इलाके से चुराई गई हैं।
सूने घर का ताला तोड़कर कैश व गहने चुरा ले गए बदमाश
उधर, खुड़ैल पुलिस ने अमरेंद्र तिवारी निवासी विनायक टाउनशिप देवगुराड़िया की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। फरियादी ने बताया कि घटना के वक्त ताला लगा हुआ था। दो बदमाश ताला तोड़कर घुसे और अलमारी में रखे 50,000 रुपए व गहने चुरा ले गए।

Exit mobile version