बेटी ने मां के जेवर गिरवी रखकर लिया लोन:वापस करने के नाम पर महाराष्ट्र से जमाई ने दी धमकी, थाने तक पहुंचा मामला

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर के लसूडिया क्षेत्र में रहने वाली एक बुजुर्ग महिला ने अपनी बेटी और दामाद के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने का मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसने बेटी की मदद के लिए लाखों रुपए के जेवर दिए थे, जिन्हें बेटी ने बैंक में गिरवी रखकर मकान के लिए लोन ले लिया। बाद में बेटी अपने पति के साथ महाराष्ट्र चली गई और अब जेवर लौटाने के बजाय दामाद जान से मारने की धमकियां दे रहा है। लसूडिया थाना पुलिस के अनुसार, पीड़िता रजनी गढ़वाल ने शिकायत में बताया कि वह अपने पति के साथ इंदौर में रहती हैं। उनका बेटा कर्नाटक में नौकरी करता है। उनकी बेटी अंकिता ने वर्ष 2022 में प्रेम विवाह किया था। पहले दामाद धीरेन्द्र उर्फ राहुल तिवारी उज्जैन में रहते थे, जो वर्ष 2023 में इंदौर के विनायक टावर में रहने आए। उस दौरान बेटी अंकिता इंदौर आती-जाती रहती थी।
पीड़िता के अनुसार, फरवरी 2025 में बेटी अंकिता ने फ्लैट खरीदने के लिए लोन की जरूरत बताई और इसके लिए ज्वेलरी मांगी। भरोसे में आकर महिला ने लाखों रुपए के जेवर दे दिए। आरोप है कि बेटी और दामाद ने जेवर बैंक में गिरवी रखकर लोन ले लिया और जल्द ही जेवर वापस करने का आश्वासन दिया।
कुछ समय बाद बेटी अपने पति और बच्चे के साथ महाराष्ट्र चली गई। इसके बाद ज्वेलरी को लेकर कोई बातचीत नहीं की गई। जब पीड़िता ने जेवर लौटाने की बात की तो दोनों के बीच मोबाइल पर कहासुनी होने लगी। कई बार संपर्क करने के बावजूद बेटी और दामाद टालमटोल करते रहे।
पीड़िता ने बताया कि 8 अक्टूबर को पति और बेटे के कहने पर उन्होंने बेटी को कॉल किया, जिस पर फिर से ज्वेलरी को लेकर विवाद हुआ। उसी रात दामाद राहुल तिवारी ने कॉल कर पति और बेटे को 15 दिन के भीतर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से लगातार धमकियां मिल रही हैं।
पीड़िता ने मामले की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से की, जिसके बाद मंगलवार को वह लसूडिया थाने पहुंचीं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दामाद के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने यह भी बताया कि उनकी बेटी की पहली शादी टूट चुकी थी। इसके बाद उसने राहुल तिवारी से दूसरी शादी की थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और परिवार की मर्जी के बिना प्रेम विवाह किया गया था।

Exit mobile version