इंदौर में एमडी ड्रग्स के साथ क्राइम ब्रांच ने एक व्यक्ति को पकड़ा। वह लंबी दूरी की बस चलाता है। उसने पकड़े जाने पर बेतुका बयान दिया कि बस में नींद ना आए इसलिए पाउच में एमडी मिलाकर लेता था। उसके पास से 53.39 ग्राम MD ड्रग्स और टू व्हीलर जब्त की गई है। जब्त माल की कुल कीमत 6 लाख रुपए है। बता दें कि क्राइम ब्रांच ने अवैध मादक पदार्थों के प्रकरण में साल 2025 में 100 से ज्यादा कार्रवाइयां की गई है, जिनमें 170 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनसे लगभग 4 करोड़ 60 लाख रुपए से ज्यादा का मश्रुका भी जब्त किया गया है।
डीसीपी क्राइम ब्रांच राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने मंगलवार रात को पत्थर गोदाम रोड पर शासकीय पशु चिकित्सालय के सामने से एक व्यक्ति को पकड़ा। पकड़ाए युवक का नाम अमजद पिता जाफिर बेग निवासी खजराना है।
टीम वहां पहुंची तो सफेद रंग की स्कूटी के साथ एक अमजद दिखा। जिसकी गतिविधि संदिग्ध लगी। टीम उसके पास पहुंची तो वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे घेराबंदी कर पकड़ लिया। उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 53.39 ग्राम MD ड्रग्स मिली। जिसके बाद उसे कार्रवाई के लिए क्राइम ब्रांच थाने ले जाया गया।
नींद ना आए इसलिए पाउच के साथ लेता था MD
आरोपी से प्रारंभिक पूछताछ की तो उससे पता चला कि वह बस ड्राइवर है और ब्लू लाइन की बस में ड्राइवरी कर रहा था। बस में रास्ते में नींद ना आए इसलिए पाउच के साथ MD ड्रग्स लेता था। वह इंदौर से लखनऊ की बस चलाता था। वह बाहर से MD ड्रग्स लेकर आता था।
वह खुदड्रग्स लेने के साथ ही दूसरे लोगों को भी ड्रग्स की सप्लाई करता था। खास बात यह है कि टीम ने पहली बार ही इसे पकड़ा है। अब इससे जानकारी निकाली जा रही है कि यह कहां से ड्रग्स लेकर आता था और किन-किन लोगों को सप्लाई करता था। आरोपी के खिलाफ क्राइम ब्रांच थाने में केस दर्ज कर लिया गया है।
