बसों में छेड़छाड़ के विरोध में हनुमान चालीसा पाठ: इंदौर में हंस ट्रेवल्स ऑफिस पर बजरंग दल ने किया प्रदर्शन, कर्मचारियों के दस्तावेज जांच की मांग की

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को आजाद नगर स्थित हंस ट्रेवल्स के ऑफिस के बाहर प्रदर्शन किया। आरोप है कि ट्रेवल्स संचालकों ने वर्ग विशेष के लोगों को बिना पुलिस व प्रशासन को जानकारी दिए काम पर रखा है, जिसके कारण बसों में महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सड़क पर बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और नारेबाजी करते हुए ट्रेवल्स के ऑफिस तक पहुंच गए। मौके पर तनाव की स्थिति बन गई, जिसके बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर कार्यकर्ताओं को समझाइश देकर बाहर निकाला।
बजरंग दल के संयोजक प्रवीण देअकर ने आरोप लगाया कि हाल ही में बसों में हुई छेड़छाड़ की घटनाओं में ट्रेवल्स के स्टाफ की भूमिका संदिग्ध है। उनका कहना था कि स्टाफ नियुक्ति की जानकारी पुलिस को नहीं दी गई, जिससे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
हंगामा बढ़ने पर टीआई लोकेश भदौरिया ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद बजरंग दल के प्रतिनिधियों ने एसीपी राजेन्द्र बिलवाल को ज्ञापन सौंपकर ट्रेवल्स के कर्मचारियों के दस्तावेजों की जांच, सत्यापन और बसों में विशेष निगरानी बढ़ाने की मांग रखी।
कार्यकर्ताओं का कहना है कि बसों में महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रशासन को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।

Exit mobile version