चंदन नगर से नगीन नगर तक बनने वाली नई लिंक रोड पर आने वाले बाधकों को लेकर नगर निगम की टीम ने मंगलवार से निशान लगाने का काम शुरू किया। सेंट्रल लाइन डाली गई। यह सड़क चंदन नगर को कालानी नगर से जोड़ेगी और इसकी चौड़ाई 60 फीट तय की गई है। लंबाई 2 किलोमीटर है।
सोमवार को जब पहली बार निगम की टीम निशानदेही के लिए पहुंची थी, तो रहवासियों और पार्षदों के विरोध के चलते काम रोकना पड़ा था। विरोध कर रहे लोगों ने मांग की थी कि पहले यह स्पष्ट किया जाए कि जिनके मकान टूटेंगे, उन्हें कहां शिफ्ट किया जाएगा और फ्लैट कहां दिए जाएंगे। इसके बाद निगम अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट आवंटित किए जाएंगे।
आश्वासन मिलने के बाद मंगलवार को रहवासी माने और टीम ने दोबारा पहुंचकर मार्किंग शुरू की। प्रस्तावित सड़क का रूट अब नंदन नगर और मोहता बाग होते हुए कालानी नगर तक तय किया गया है। पहले यह लिंक रोड एयरपोर्ट से जोड़ने के लिए बनाई जानी थी, लेकिन 1600 से अधिक बाधक सामने आने के कारण रूट में बदलाव किया गया।
नगर निगम के मुताबिक, इस निर्माण कार्य के तहत चंदन नगर क्षेत्र में लगभग 150 से 200 मकान प्रभावित होंगे। महापौर परिषद की हालिया बैठक में इस सड़क के निर्माण को मंजूरी दी गई थी। इसके लिए 25 करोड़ रुपए के टेंडर स्वीकृत किए गए हैं। सोमवार को जहां विरोध के चलते सर्वे और सेंट्रल लाइन का काम रोकना पड़ा था, वहीं निगमायुक्त के हस्तक्षेप और पुनर्वास के आश्वासन के बाद मंगलवार को यह कार्य दोबारा शुरू किया गया।
