कन्नौज. उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक सिरफिरे आशिक ने तांडव मचा दिया. उसने अपनी प्रेमिका के दो बच्चों को तमंचे के बल अगवा कर घर में बंद कर लिया. 4 माह पहले युवक ने 3 बच्चों की मां से की कोर्ट मैरिज थी, लेकिन कुछ दिन पहले किसी बात से नाराज होकर महिला उसे छोड़कर चली गई. मामले की सूचना मिलते है सीओ और कोतवाल अपने साथ भारी फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे. पुलिस ने 7 घंटे की मशक्क्त के बाद सिरफिरे आशिक से बच्चों को मुक्त करा लिया है. बच्चे पर तमंचा ताने युवक को पुलिस पीठ पर लादकर ले गई. बच्चों को छुड़ाने के लिये पुलिस ने हाफ एनकाउंटर किया. मुठभेड़ में एसओजी प्रभारी भी घायल हुए हैं।
एक ही रट
प्रेमिका के भाग जाने से नाराज होकर युवक ने उसके दो बच्चों को तमंचे की नोक पर बंधक बना लिया था. वह प्रेमिका को बुलाने की जिद पर अड़ा था. युवक का नाम दीपू बताया जा रहा है. दीपू खुद पर कट्टा लगाकर अपनी प्रेमिका को बुलाने की जिद कर रहा था. न आने पर बच्चों को मारने की धमकी देने लगा. पुलिस वाले उसे समझाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन वो अर्चना (बदला नाम) की ही रट लगाए था.
किसी की सुनने को तैयार नहीं
मामला छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के जेरकिला का है. सूचना पर सीओ और कोतवाल भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और सिरफिरे आशिक को समझा कर बच्चों को छुड़ाने के कोशिश करने लगे. घर के बाहर भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन युवक किसी की सुनने को तैयार नहीं था.
