इंदौर जिले में विधायक सुश्री ऊषा ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत “फसल बीमा दावा राशि का भुगतान” केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा राजस्थान के झुंझुनू से वर्चुअली किया गया। प्रधानमंत्री फसल बीमा दावा राशि वितरण का इंदौर जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम डॉ. अम्बेडकर नगर महू विधायक सुश्री ऊषा ठाकुर के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनांतर्गत इंदौर जिले में रबी वर्ष 2023-24 हेतु 40056 किसानों को 26.37 करोड़ रूपये फसल बीमा दावा राशि का भुगतान किया गया है। इसी तरह खरीफ वर्ष 2024 हेतु 1793 कृषकों को 1.31 करोड़ रूपये और रबी वर्ष 2024-25 के लिये 26909 किसानों को 15.24 करोड़ रूपये का भुगतान किया गया है। इस प्रकार जिले में 68 हजार 756 कृषकों के खातों में 42.92 करोड़ रूपये की राशि अंतरित की गई।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में विधायक सुश्री ऊषा ठाकुर द्वारा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा तथा स्वच्छता कार्यक्रम का भी शुभारंभ किया गया। साथ ही कृषकों को तिरंगा वितरण किया गया। विभागीय अधिकारियों एवं कृषकों द्वारा कलेक्टर कार्यालय से उप संचालक कृषि कार्यालय तक तिरंगा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिले के कृषकों एवं विभागीय अधिकारी उप संचालक कृषि श्री सी.एल.केवडा, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री शोभाराम एस्के, सहायक संचालक कृषि श्रीमति रश्मि प्रचण्ड, श्री संदीप यादव, एसबीआई जनरल इंश्योंरेंस के जिला प्रतिनिधि श्री गौरव भाटी के साथ-साथ विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
