प्रदेश में पहली बार साकार होगी “ऑक्सीजन गार्डन” की संकल्पना।

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read


मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट के नेतृत्व में इंदौर में लगेगें लाखों पौधें।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत देशभर में 141 करोड़ पौधे लग चुके है। श्री मोदी के आव्हान पर यह अभियान लगातार जारी है। इस दिशा में मध्यप्रदेश सरकार के नेतृत्व में इस अभियान का संकल्प धरातल पर तेजी से आकार ले रहा है। अभियान के तहत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की प्रेरणा और मार्गदर्शन तथा जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट की सक्रिय पहल पर प्रदेश में पहली बार “ऑक्सीजन गार्डन” की संकल्पना साकार होने जा रही है।
इंदौर के कनाडिया क्षेत्र स्थित गुलमर्ग परिसर के पीछे 11 एकड़ पहाड़ी क्षेत्र पर इस विशाल हरित परियोजना की शुरुआत की जाएगी। इस संबंध में मंत्री श्री सिलावट द्वारा अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थल का निरीक्षण भी किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उक्त क्षेत्र को एक प्रमुख पर्यावरणीय केंद्र के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर नगर नगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा, अपर आयुक्त श्री अभय राजनगांवकर, इंदौर जनपद अध्यक्ष श्री विश्वजीत सिंह सिसोदिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण और अधिकारीगण मौजूद थे।
इस पहाड़ी क्षेत्र पर लाखों की संख्या में नीम, पीपल, बरगद, अशोक, आम, महुआ, रेन ट्री, जामुन, उंबर सहित अन्य औषधीय एवं छायादार प्रजातियों के पौधे रोपे जाएंगे। यह ऑक्सीजन गार्डन न केवल नागरिकों को शुद्ध वायु उपलब्ध कराएगा, बल्कि यह क्षेत्र पक्षियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बनेगा। विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के आगमन से यह स्थल एक प्राकृतिक “पक्षी विहार” और पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित होगा। पौधों की सिंचाई हेतु गुलमर्ग परिसर के ट्रीटमेंट प्लांट से पाइपलाइन बिछाकर जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी मंत्री श्री सिलावट द्वारा दिए गए हैं।
इस अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देते हुए इसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। इसमें पद्मश्री एवं पद्मभूषण सम्मानित नागरिक, व्यापारी संगठन, समाजसेवी, धर्मगुरु, किसान संगठन, जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी।
यह ऐतिहासिक पहल आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पर्यावरण प्रदान करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर श्री सिलावट ने कनाडिया स्थित गौशाला का निरीक्षण भी किया और व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए निर्देशित किया।

Exit mobile version