पैदल जा रहे युवक को बस ने मारी टक्कर, मौत:कुछ दूरी पर दोस्त ने बाइक से उतारा था; इंदौर के कनाडिया क्षेत्र की घटना

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के कनाडिया क्षेत्र में रविवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह पैदल जा रहा था, तभी एक बस ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस ड्राइवर वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस जब्त कर मामला दर्ज किया है।
कनाडिया पुलिस के मुताबिक, मृतक विकास (39) पुत्र रमेश तिलोदिया को इंदौर-देवास के बीच चलने वाली एक उपनगरीय बस ने टक्कर मार दी थी। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
परिवार के अनुसार, विकास पिपल्याहाना में एक दुकान पर काम करता था। हादसे के पहले उसका दोस्त उसे ब्रिज तक छोड़कर चला गया था। इसके बाद वह पैदल दुकान की ओर जा रहा था। इसी दौरान रजवाड़ी होटल के पास इंदौर से देवास जा रही बस ने उसे चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों ने शोर मचाकर बस को रुकवाया, लेकिन ड्राइवर मौके से भाग गया। बस में उस समय यात्री भी सवार थे। पुलिस को सूचना देने पर वाहन को जब्त कर लिया गया।
विकास के परिवार में पत्नी, तीन बेटियां और एक बेटा है। उसके भाई और माता-पिता अलग रहते हैं। पुलिस अब फरार बस ड्राइवर की तलाश कर रही है।
रावजी बाजार में भी सड़क हादसा
वहीं, रावजी बाजार क्षेत्र में भी एक अन्य सड़क हादसे में मेहरून (56) पत्नी कद्दूस घायल हो गईं। उन्हें रविवार दोपहर एमवाय अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।पुलिस उस वाहन की तलाश कर रही है जिसने उन्हें टक्कर मारी थी।

Exit mobile version