जिम से लौटने के बाद एक युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उसने जिम के बाद हाफ फ्राय अंडा खाया था, जिसके बाद उसे एसिडिटी और घबराहट महसूस हुई थी। इस घटना से परिवार में गम का माहौल है। पत्नी भी बेसुध है। परिजन उनका ध्यान रख रहे है। परिजनों ने बताया कि वह उसके परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसके परिवार माता-पिता, पत्नी व दो बच्चे है।
इंदौर के बाणगंगा इलाके में रहने वाले संदीप(32) पिता श्याम सोनगिरा निवासी सुखलिया ग्राम की मंगलवार को हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। रात में 9 बजे जब वह जिस से लौटा तो और अपनी एव्हरफ्रेश की दुकान पर पहुंचा यहां उसने हाफ फ्राय खाया। कुछ देर बाद जब वह घर लौटा तो उसे एसिडिटी और बेचैनी महसूस होने लगी। इस पर छोटा भाई प्रदीप सोनगिरी ने बताया कि संदीप ने सीने में जलन और घबराहट की शिकायत की, तो वह उसे बाइक से डॉक्टर के पास ले जाने लगा। रास्ते में ही संदीप बेहोश होकर गिर गया था। उसे तत्काल भंडारी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि की।
परिवार में गम का माहौल, पत्नी भी बेसुध
परिवार के लोगों ने बताया कि घटना के बाद से ही परिवार में गम का माहौल है। रिश्तेदारों का आना-जाना घर पर लगा हुआ है। किसी को यकीन नहीं हो पा रहा है कि संदीप उन्हें छोड़कर हमेशा-हमेशा के लिए चला गया है। परिवार के लोगों ने बताया कि इस घटना से पत्नी भावना बेसुध है। संदीप के दो बच्चे है 3 साल का जय और 3 से 4 महीने की एक बेटी है। परिजन ने बताया कि घटना के बाद संदीप की पत्नी बच्ची का भी ठीक से ध्यान नहीं रख पा रही है। परिवार में संदीप के पिता भी अभी कुछ नहीं कर रहे है। पहले वह जॉब करते थे। संदीप एव्हरफ्रेश की दुकान चलाता था। उसी से घर का खर्चा चलता था।
पहले भी हुई थी गैस की दिक्कत
परिवार के लोगों ने बताया कि कुछ टाइम पहले भी संदीप ने हाफ फ्राइ खाया था तो उसे गैस की दिक्कत हो गई थी। मगर उस समय ज्यादा परेशानी नहीं हुई थी। उसे जिम जाते हुए 6 साल से ज्यादा का समय हो गया है। उसकी शादी को ही 6 साल हो चुके है। शादी के पहले से वह जिम जाता था। वह डाइट में अंडे, पनीर वगैरह लेता था। मगर उसे कोई परेशानी नहीं हुई थी। परिवार के लोग यकीन ही नहीं कर पा रहे है कि संदीप अचानक उन्हें छोड़कर हमेशा के लिए चला गया है।
