पति ने पत्नी पर किया चाकू से हमला, घायल:पूजा को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया, पति को पुलिस ने हिरासत में लिया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर के सावरिया धाम मंदिर के पास मूसाखेड़ी क्षेत्र में 30 वर्षीय पूजा सेन पर उसके पति नितेश सेन ने चाकू से हमला कर दिया। पीठ में गंभीर चोट आने के बाद उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। महिला ने बताया कि पति दो दिन से बहकी-बहकी बातें कर रहा था। पुलिस ने नितेश को हिरासत में लिया।
आजाद नगर पुलिस ने बताया कि पूजा सेन और उसके पति नितेश सेन लांड्री का काम करते हैं। पूजा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि नितेश रात में 2-3 बजे के बीच जाग जाता है और कहता है कि “बाहर भीड़ जमा है जो मुझे मारने वाली है, उन्हें हटाओ।” रविवार रात भी ऐसा ही हुआ। जब पूजा बाहर गई तो वहां कोई नहीं था। इसी दौरान नितेश ने दरवाजा बंद कर दिया और पूजा को अंदर नहीं आने दिया।
दरवाजा खोलने पर मारपीट की
सोमवार सुबह जब पूजा दरवाजा खोलने पहुंची, तो नितेश ने अपशब्द कहते हुए मारपीट शुरू कर दी और फिर चाकू से उसकी पीठ पर हमला कर दिया। चीख सुनकर आसपास के लोग जमा हुए और नितेश को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पूजा की ननद मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल पहुंचाया।
मनोचिकित्सक से जांच कराएगी पुलिस
पुलिस ने नितेश सेन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। प्राथमिक जांच में नितेश की मानसिक स्थिति ठीक नहीं पाई गई है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों की मदद भी ली जाएगी।

Exit mobile version