
इंदौर के राजेन्द्र नगर इलाके में बुधवार रात पैदल वॉक कर रहे एक दंपति के साथ लूट की वारदात हो गई। बाइक सवार महिला के गले से मंगलसूत्र झपटकर फरार हो गया। सूचना के बाद देर रात पुलिस मौके पर पहुंची। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तो उसमें वारदात कैद हो गई। पुलिस ने गुरुवार को महिला और उसके पति को थाने बुलाया है। घटना शिव सागर कॉलोनी की है। बिजलपुर में रहने वाली खाती समाज की महिला अपने पति के साथ रात करीब 9:30 बजे के लगभग शिव सागर कॉलोनी में पैदल वॉक कर रही थी। इस दौरान एक बाइक सवार पहले उनके पीछे से निकलकर गया। इसके बाद दोबारा वह आगे की तरफ से आया और झपट्टा मारकर मंगलसूत्र ले उड़ा।
दंपति ने वारदात के बाद शोर भी मचाया। वह चिल्लाते हुए बाइक सवार के पीछे दौड़े। लेकिन तेज रफ्तार बाइक सवार वहां से भाग गया। बाद में रहवासी इकट्ठा हुए। जिसमें लोगो ने घटना की जानकारी ली। इसके बाद रहवासियों ने फुटेज चेक कर पुलिस को मामले की जानकारी दी। रात होने के चलते दंपति ने इस मामले में एफआईआर दर्ज नही कराई। गुरुवार को पुलिस ने उन्हें थाने बुलाया है।
