शनिवार को धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा मथुरा के छाता में आगरा-दिल्ली राजमार्ग के किनारे संस्कृति यूनिवर्सिटी मैदान से निकलेगी.
पं. धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा का 9वां दिन.
मथुरा: बागेश्वर धाम सरकार धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा का आज 9वां दिन है. उनके बांके बिहारी मंदिर पहुंचने की घड़ियां नजदीक आती जा रही हैं. यह पदयात्रा इस समय मथुरा के छाता इलाके से वृंदावन की तरफ बढ़ रही है. 16 नवंबर को श्रीठाकुर जी बांके बिहारी मंदिर में दर्शन के बाद यात्रा का समापन होगा. लाखों लोग इस पदयात्रा में जयकारा लगाते हुए आगे बढ़ रहे हैं.
सनातन एकता धार्मिक पदयात्रा में आज यानी शनिवार को कई फिल्म अभिनेता-अभिनेत्री और राजनेता शामिल होंगे. शुक्रवार को भी राजा भैया अपने बेटे के साथ धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा में शामिल हुए और आशीर्वाद लिया. बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी भी यात्रा में पहुंची और बागेश्वर महाराज के साथ सड़क पर बैठीं. अभिनेता राजपाल यादव भी कदम ताल करते नजर आए. आज भी इस पदयात्रा में कई सेलिब्रिटीज के शामिल होने की सूचना है.
आज वृंदावन की ओर बढ़ेगी पदयात्रा.
बागेश्वर धाम पीठाधीश धीरेंद्र शास्त्री सनातन एकता धार्मिक पदयात्रा 7 नवंबर से दिल्ली छतरपुर से प्रारंभ हुई है. धीरे-धीरे यह समापन की ओर बढ़ रही है. 16 नवंबर को वृंदावन के श्रीठाकुरजी बांके बिहारी मंदिर ध्वजा चढ़ाकर यात्रा का समापन किया जाएगा. शनिवार को पदयात्रा लाखों समर्थकों के साथ मथुरा छाता से छटीकरा के लिए प्रस्थान कर रही है. समर्थक एक ही नारे के साथ आगे बढ़ते जा रहे हैं. नारा है, सनातन धर्म को एकजुट करना है. हिंदुओं को जागृत करना है.
आज 7.5 किलोमीटर की दूरी तय होगी: शनिवार को धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा मथुरा के छाता में आगरा-दिल्ली राजमार्ग के किनारे संस्कृति यूनिवर्सिटी के मैदान से प्रारंभ होगी. लाखों समर्थकों के साथ छठी कर के अकबरपुर के पास पहुंचेगी. करीब 7.5 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद रात्रि में विश्राम होगा. 16 नवंबर को यह पदयात्रा अकबरपुर से छटीकरा और फिर वृंदावन पहुंचेगी.
चप्पे चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात: बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री की पदयात्रा को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. तीन लेयर में धीरेंद्र शास्त्री की सुरक्षा की जा रही है. पुलिस बल और पीएसी जवानों के साथ आरएएफ की कंपनियां तैनात हैं. सुरक्षा घेरे में किसी भी व्यक्ति को धीरेंद्र शास्त्री के पास आने की इजाजत नहीं है. ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी से निगरानी रखी जा रही.
