नाम बदलकर दोस्ती फिर रेप कर ब्लैकमेल किया:इंदौर में एमबीए छात्रा की शादी के बाद धर्म परिवर्तन के लिए बनाया दबाव, पति के साथ थाने पहुंची पीड़िता

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर में रेप के बाद धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पीड़िता एमबीए छात्रा है। वह बुधवार रात पति के साथ थाने पहुंची और आरोपी पर एफआईआर दर्ज कराई। छात्रा ने बताया कि आरोपी हम्स शेख ने कॉलेज में पढ़ाई के दौरान अपना नाम हनी बताकर दोस्ती की। फिर घर में घुसकर रेप किया। मेरी शादी हो गई तो भी धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया। बता दें आरोपी हम्स शेख पर दस दिन पहले भी एक छात्रा ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया था।
पुलिस के अनुसार कॉलेज में दोस्ती के बाद आरोपी ने शादी का प्रस्ताव भी रखा। जिस पर नाराज होकर छात्रा ने उससे दूरी बना ली। कुछ समय बाद आरोपी ने माफी मांग ली और दोनों में फिर बात होने लगी। छात्रा ने बताया कि अगस्त में उसकी शादी हो गई।
उसे उम्मीद थी कि इसके बाद हम्स परेशान नहीं करेगा पर ऐसा नहीं हुआ। हम्स लगातार मिलने के लिए दबाव बना रहा था। उसने यह भी कहा कि अपने संबंधों के बारे में तेरे पति को सब बता दूंगा। आखिर छात्रा ने हिम्मत कर पति को सारी बात बताई और पति ने परिवार के अन्य सदस्यों से बात की। इसके बाद पति के साथ थाने जाकर छात्रा ने एफआईआर कराई।
रिश्ते का खुलासा करने का कहकर ब्लैकमेल किया
एफआईआर में दर्ज शिकायत के मुताबिक 26 जुलाई को आरोपी छात्रा के घर पहुंचा और बातचीत के दौरान जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद कई बार मिलने का दबाव डालकर शोषण किया। आरोप है कि हम्स ने धर्म परिवर्तन और शादी के लिए भी दबाव बनाया तथा रिश्ते का खुलासा करने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया।
छेड़छाड़ के मामले में पहले भी पकड़ाया जा चुका है आरोपी
हम्स करीब 10 दिन पहले तिलक नगर इलाके में पिपल्याहाना ब्रिज पर एक छात्रा को जबरिया कार में बैठाने के मामले में पकड़ा गया था। हम्स ने छात्रा को मिलने बुलाया था। वह छात्रा को दोस्ती करने के लिए लंबे समय से परेशान कर रहा था। छात्रा की सूचना पर वहां पहुंचे करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने उसे पकड़ा और पिटाई करने के बाद तिलक नगर पुलिस को सौंप दिया था।
मामले में एफआईआर हुई थी। उसे छुड़ाने के लिए बीजेपी विधानसभा-5 के मंडल अध्यक्ष अजहर शेख ने फोन कर दबाव बनाया था। अजहर शेख की बात करणी सेना के पदाधिकारी मानसिंह राजावत से हुई थी। उन्होंने पार्टी की दुहाई देकर एक बार हम्स को माफ करने का अनुरोध किया था।

Exit mobile version