नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर हादसे का कारण बनी। सोमवार रात 8 बजे चंदन नगर चौराहे के पास मेन रोड पर खुले चैंबर में 5 वर्षीय बच्चा गिर गया। हादसा उस समय हुआ जब बच्चा अपने पिता और भाई के साथ सड़क से पैदल जा रहा था। चैंबर का ढक्कन खुला हुआ था और आसपास रोशनी की भी कोई व्यवस्था नहीं थी, जिससे बच्चा उसे देख नहीं सका और गड्ढे में जा गिरा। बच्चे को गिरते देख पिता ने बिना देर किए खुद भी चैंबर में छलांग लगा दी। मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी का इंतजाम किया और 6 से 7 मिनट के प्रयास के बाद पिता और बेटे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लोगों में नगर निगम के प्रति गुस्सा था। लोगों ने मिलकर चैंबर को बड़ी फर्शियों से ढंक दिया और आसपास बैरिकेड्स लगवाए, ताकि फिर से कोई हादसा न हो।
