देश की अर्थव्यवस्था के हित में है #एकराष्ट्रएक_चुनाव- मुख्यमंत्री डॉ. यादवजम्मू कश्मीर में धारा-370 हटने के बाद सुशासन आया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read


इंदौर,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास और प्रगति के रथ पर आगे बढ़ रहा है। जम्मू कश्मीर में धारा-370 के हटने के बाद सुशासन आया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पिछले पांच वर्षों से एक राष्ट्र एक चुनाव को लेकर देश भर में अलख जगा रहे हैं। एक राष्ट्र एक चुनाव देश की अर्थव्यवस्था के हित में है। देश की प्रगति के लिये एक राष्ट्र एक चुनाव जरूरी है। इससे न केवल समय बचेगा बल्कि अनावश्यक खर्चों से भी मुक्ति मिलेगी। वर्ष 1967 के पहले देश में लोकसभा और विधानसभा के चुनाव एक साथ होते थे। लेकिन बाद में यह स्थिति बदल गई, अब हमें पुन: उसी स्थिति को लाना होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज इंदौर में ब्रिलियंट कन्वेशन सेंटर में “एक राष्ट्र एक चुनाव” विषय पर आयोजित राष्ट्रव्यापी विचार एवं परामर्श सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देश के सामने जब भी कोई चुनौती आई, उससे मुकाबला करने में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी पीछे नही हटे। युद्ध की स्थिति में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कुशल नेतृत्व से देश की धारा को बदलने का काम किया है। देश की एकजुटता में प्रधानमंत्री श्री मोदी का बड़ा योगदान रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आगे कहा कि हिन्दी हमारी राष्ट्र भाषा है और इसका सभी को सम्मान करना चाहिए। हिन्दी के अलावा भारत की सभी भाषाएं भी सम्मानीय है। कार्यक्रम की अध्यक्षता हिमाचल प्रदेश के पूर्व राज्यपाल श्री वी.एस. कोकजे ने की। इस मौके पर जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायकगण श्री मधु वर्मा, श्री रमेश मेंदोला और श्री गोलू शुक्ला,श्री सुमित मिश्रा, श्री टीनू जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Exit mobile version