तेज रफ्तार मेडिकेप्स यूनिवर्सिटी बस ने बाइक सवारों को मारी टक्कर , रेती व्यवसायी की मौत

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

मेडिकेप्स कॉलेज की बस ने फिर एक व्यक्ति की जान ले ली। राजकुमार ब्रिज पर आगे निकलने की होड़ में बस ने बाइक सवारों को टक्कर मारी और रौंद डाला। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। चालक टक्कर मारकर भागने की कोशिश कर रहा था।
इंदौर। मेडिकेप्स कॉलेज की बस ने फिर एक व्यक्ति की जान ले ली। राजकुमार ब्रिज पर आगे निकलने की होड़ में बस ने बाइक सवारों को टक्कर मारी और रौंद डाला। एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। चालक टक्कर मारकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन इसी दौरान उसने पिछला पहिया भी चढ़ा दिया।
एमजी रोड टीआई विजय सिंह सिसोदिया के मुताबिक, घटना राजकुमार ब्रिज पर करीब सवा छह बजे की है। बस (एमपी 09 एफए 8748) कॉलेज स्टाफ को लेकर राऊ से आ रही थी। बस तेज रफ्तार में मधु मिलन चौराहा की ओर जा रही थी। तभी राजकुमार ब्रिज पर चालक ने आगे निकलने की कोशिश की और आगे चल रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
पहिया चढ़ा दिया
टक्कर लगते ही बाइक सवार देवीसिंह और प्रेम कुमार नीचे गिर गए। रिश्तेदार कपिल ठाकुर के अनुसार, चालक ने भागने की कोशिश की और देवीसिंह पुत्र हेमराज बघेल निवासी मूसाखेड़ी पर बस का पिछला पहिया चढ़ा दिया। इससे देवीसिंह की मौके पर ही मौत हो गई। पीछे बैठे प्रेम कुमार पुत्र रामकिशन मंडलोई निवासी कृष्णबाग कॉलोनी घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने चालक अजय कुमार प्रजापति को पकड़ लिया।

Exit mobile version