तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर:फिर ट्रक में जा घुसी, एक की मौके पर मौत, तीन घायल

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के देवगुराड़िया इलाके में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार ने पहले बाइक को टक्कर मारी और फिर सामने खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने सभी को एमवाय अस्पताल पहुंचाया है। तेजाजी नगर थाना पुलिस के अनुसार, हादसा नायता मुंडला क्षेत्र में हुआ। कार (नंबर MP41 CA 5596) देवास की ओर से आ रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी तेज थी। पहले कार ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार युवक सड़क किनारे जा गिरे। इसके कुछ ही सेकेंड बाद कार ट्रक में जा घुसी।
हादसे में अजय (पुत्र अमृतलाल), निवासी कॉलोनी पार्क, देवास की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि आनंद (पुत्र अमृत पटेल), कान्हा (पुत्र दिनेश, निवासी छोटी बेटमा), और जुगल (पुत्र रुघनाथ, निवासी घाटा बिल्लौद) घायल हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कार से मिली शराब की बोतल, जांच में जुटी पुलिस
मौके पर पहुंची पुलिस को कार के अंदर से शराब की बोतल मिली है। पुलिस को आशंका है कि कार सवार युवक नशे में थे। मृतक अजय और घायल आनंद आपस में सगे भाई हैं और दोनों देवास के रहने वाले हैं। वहीं, बाइक पर जुगल और कान्हा सवार थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
निजी कंपनी में करते है काम,महू के लिए निकले थे
रिश्तेदारो ने बताया कि अजय अौर आनंद दोनो निजी कंपनी में कार्यरत है। रात में वह करीब 11:30 बजे के लगभग देवास से कार लेकर महू के लिए किसी परिचित से मिलने निकले थे। अजय का पत्नी से तलाक हो चुका है। उनकी एक बेटी है। वही आनंद की कुछ समय पहले ही शादी हुई है। परिवार के मुताबिक अभी आनंद का आईसीयू में उपचार चल रहा है।

Exit mobile version